हजारीबाग: जिले के बरकट्ठा प्रखंड अंतर्गत झुरझुरी गांव में एक मासूम बच्ची की वैक्सीन के बाद मौत से इलाके में सनसनी फैल गई है. झुरझुरी निवासी आरती देवी और उनके पति राजेश यादव की तीन माह की पुत्री रिद्धि कुमारी को शनिवार दोपहर आंगनबाड़ी केंद्र यादव टोला में एएनएम पूनम कुमारी द्वारा वैक्सीन दी गई थी.

परिजनों के अनुसार, वैक्सीन के कुछ ही देर बाद बच्ची की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी. देर रात करीब 11 बजे उसे बरकट्ठा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे रेफर कर दिया. इसके बाद बरही अनुमंडलीय अस्पताल में चिकित्सकों ने बच्ची को मृत घोषित कर दिया.
घटना के बाद परिजनों ने रविवार को बरकट्ठा थाना में आवेदन देकर मामले की जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है. वहीं एएनएम पूनम कुमारी ने बताया कि बच्ची को निर्धारित चार वैक्सीन में दो इंजेक्शन और दो ड्रॉप दिए गए थे. उन्होंने कहा कि अन्य बच्चों को भी वही वैक्सीन दी गई थी और उन्हें किसी प्रकार की समस्या नहीं हुई. उन्होंने किसी भी तरह की लापरवाही से इनकार किया है. इस मामले में बरकट्ठा थाना प्रभारी पंकज कुमार सिंदुरिया ने बताया कि परिजनों की शिकायत के आधार पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. रिपोर्ट आने के बाद आगे की जांच की जाएगी. घटना के बाद पूरे इलाके में चिंता और भय का माहौल बना हुआ है.

