जामताड़ा: सामाजिक सरोकार को लेकर सक्रिय मारवाड़ी युवा मंच के सदस्यों ने मंगलवार को उपायुक्त अलोक कुमार से उनके कार्यालय में शिष्टाचार मुलाकात की. इस दौरान मंच के पदाधिकारियों ने उपायुक्त को अंगवस्त्र एवं अभिनंदन पत्र भेंट कर सम्मानित किया.

मुलाकात के दौरान आगामी मेगा रक्तदान शिविर सहित मंच द्वारा संचालित विभिन्न सामाजिक सेवा प्रकल्पों पर विस्तार से चर्चा हुई. उपायुक्त ने मंच की पहल की सराहना करते हुए हरसंभव सहयोग और मार्गदर्शन देने का आश्वासन दिया.

इसके बाद जिला मुख्यालय में उपायुक्त और सिविल सर्जन के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें मेगा रक्तदान शिविर की विस्तृत रूपरेखा तैयार की गई. बैठक में अभियान के सफल संचालन के लिए एक्शन प्लान साझा किया गया और जिला प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग की ओर से पूर्ण सहयोग का भरोसा दिया गया. निर्णय लिया गया कि जामताड़ा जिले को रक्त की कमी से मुक्त करने के उद्देश्य से इस अभियान को ब्लॉक स्तर तक विस्तारित किया जाएगा. प्रशासन के सकारात्मक रुख से मंच के सदस्यों में खासा उत्साह देखने को मिला.
मंच के अध्यक्ष जतिन परसुरामका, सचिव अभिषेक डोकानिया सहित रोहित लोहारुका और अन्य सदस्यों ने जिला प्रशासन के साथ मिलकर जनसेवा और विकास कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने की प्रतिबद्धता दोहराई.

