चांडिल/ Afroz Mallik सरायकेला- खरसावां जिले के कपाली स्थित तामुलिया गोविंद विद्यालय में मंगलवार को संस्थापक एवं प्रख्यात शिक्षाविद स्वर्गीय डॉ. बी.डी. शर्मा की स्मृति में भावपूर्ण श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में विद्यालय परिवार, जनप्रतिनिधियों और क्षेत्र के गणमान्य लोगों की उपस्थिति ने माहौल को बेहद भावुक बना दिया.

कार्यक्रम की शुरुआत दो मिनट के मौन के साथ की गई, जहां सभी उपस्थित लोगों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की. वक्ताओं ने स्व. शर्मा के जीवन और उनके योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में अमिट छाप छोड़ी है. उनके प्रयासों से गोविंद विद्यालय आज एक प्रतिष्ठित संस्थान के रूप में स्थापित हो चुका है.
इस अवसर पर कांग्रेस नगर अध्यक्ष शानूर रहमान (एसपी भाई) ने कहा कि “डॉ. ब्रह्मदत्त शर्मा ने समाज को जोड़ने का कार्य किया और एक ऐसी शैक्षणिक विरासत छोड़ गए, जो आने वाली पीढ़ियों को मार्गदर्शन देती रहेगी.” उन्होंने कहा कि स्व. शर्मा केवल एक शिक्षाविद ही नहीं, बल्कि संवेदनशील समाजसेवी भी थे, जिन्होंने हर वर्ग के उत्थान के लिए कार्य किया.
श्रद्धांजलि सभा में उनके परिजन भी मौजूद रहे. उनके बड़े भाई रवि दास शर्मा सहित अन्य सदस्यों ने भावुक होकर उन्हें याद किया. कार्यक्रम में समाजसेवी गुलाम खान, हाजी शेख जमाल खान, मानगो नगर निगम के ब्रांड एंबेसडर मुख्तार आलम खान, शेख रहमान समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे. सभा के अंत में सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं.

