सरायकेला: जिले के कांग्रेस नेता फुलकांत झा ने आगामी राज्यसभा चुनाव को लेकर बड़ा बयान दिया है. उन्होंने विश्वास जताया कि हेमंत सोरेन सरकार में शामिल सभी सहयोगी दलों के विधायक और मंत्री एकजुटता के साथ गठबंधन उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित करेंगे.


फुलकांत झा ने कहा कि झारखंड की पहचान आदिवासी, मूलवासी और मेहनतकश लोगों के संघर्षों से बनी है. ऐसे में राज्यसभा चुनाव में जनप्रतिनिधि अपने जमीर और राज्य की अस्मिता से समझौता नहीं करेंगे. उन्होंने कहा कि यह केवल एक चुनाव नहीं, बल्कि झारखंड की संस्कृति, स्वाभिमान और चार करोड़ लोगों के सम्मान से जुड़ा विषय है.
उन्होंने कहा कि झारखंड के दिवंगत नेता और पद्मभूषण से सम्मानित गुरुजी शिबू सोरेन ने राज्य की आदिवासी-मूलवासी पहचान को मजबूत करने के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित किया. उनकी विरासत और झारखंड की सांस्कृतिक गौरव को बनाए रखना सभी जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है.
फुलकांत झा ने उम्मीद जताई कि राज्यसभा चुनाव में गठबंधन के सभी विधायक चट्टानी एकता का परिचय देंगे और झारखंड के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अपने उम्मीदवारों को विजय दिलाएंगे.
Edited By Sarita Mahato

