जमशेदपुर: उलीडीह ओपी क्षेत्र स्थित खड़िया बस्ती में मंगलवार देर रात हुई गोलीबारी की घटना में एक युवक की मौत हो गई. मृतक की पहचान सरायकेला- खरसावां जिले के राजनगर थाना क्षेत्र के बिटकलशाही निवासी देवदास गौड़ के रूप में हुई है. गोली उसकी गर्दन में लगी थी. गंभीर हालत में उसे एमजीएम अस्पताल लाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.


घटना के बाद घायल देवदास को अस्पताल पहुंचाने वाले उसके साथी देवाशीष पोद्दार, नीरज प्रधान और आरआईटी थाना में पदस्थापित एएसआई पंकज कुमार संदेह के घेरे में आ गए. पुलिस ने तीनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है.
प्रारंभिक जांच में पुलिस को पता चला है कि खड़िया बस्ती में आपसी विवाद के दौरान देवाशीष पोद्दार ने ही देवदास गौड़ पर गोली चलाई थी. बताया जा रहा है कि घटना के समय सभी लोग शराब के नशे में थे और किसी बात को लेकर विवाद बढ़ने के बाद फायरिंग की गई.
घटनास्थल से पुलिस ने चार ग्लास, खून के धब्बे और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद किए हैं. वहीं आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त देसी कट्टा भी बरामद कर लिया गया है. पुलिस को कपाली क्षेत्र से कुछ जमीन संबंधी दस्तावेज भी मिले हैं, जिसके बाद जमीन विवाद के एंगल से भी जांच शुरू कर दी गई है.
मृतक के भाई बबलू प्रधान ने बताया कि देवदास मंगलवार शाम करीब चार बजे अपने दोस्तों के साथ घर से निकला था. देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने फोन किया, लेकिन संतोषजनक जवाब नहीं मिला. कुछ देर बाद उसके घायल होने की सूचना मिली. उन्होंने बताया कि देवदास परिवार का इकलौता बेटा था और आदित्यपुर की एक कंपनी में काम करता था. उलीडीह थाना प्रभारी मो. शरिक अली ने बताया कि मामले में शामिल लोग लगातार अपने बयान बदल रहे हैं. पुलिस सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा.

