चांडिल: सरायकेला- खरसावां जिले के चौका थाना क्षेत्र में पत्नी की हत्या के मामले का पुलिस ने त्वरित खुलासा कर दिया है. इस सनसनीखेज वारदात में आरोपी पति को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. घटना रविवार देर शाम की है.

बताया जाता है कि चौका थाना अंतर्गत ग्राम रेयाड़दा, टोला डुंगरडीह से सूचना मिली कि श्रवण सरदार ने अपनी पत्नी मोगरो देवी की लकड़ी के डंडे से पीट- पीटकर हत्या कर दी है. मामले में मृतका के भाई गुरुबा सरदार के लिखित आवेदन के आधार पर चौका थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई. घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चांडिल अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया. टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी श्रवण सरदार (40 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया.
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लकड़ी का डंडा बरामद कर जब्त किया है. इसके अलावा घटनास्थल से खून लगी मिट्टी, कॉटन गॉज में लिया गया खून का नमूना और मृतका का खून लगा कपड़ा भी बरामद किया गया है. सोमवार को पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी हुई है.

