आदित्यपुर: थाना क्षेत्र में चोरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है. ताजा मामला वार्ड संख्या 17 के नगीनापुरी क्षेत्र का है, जहां बंद पड़े फ्लैट में चोरी की घटना सामने आई है. जानकारी के अनुसार, हाउसिंग फ्लैट 6LF के 9 नंबर में चोरों ने ताला तोड़कर घर के अंदर प्रवेश किया और चोरी की वारदात को अंजाम दिया.

बताया जाता है कि मकान मालिक अतनु चक्रवर्ती अपने परिवार के साथ उपनयन संस्कार में शामिल होने के लिए कोलकाता गए हुए हैं, जिस कारण घर बंद था. पड़ोसियों ने घटना की जानकारी स्थानीय वार्ड पार्षद नीतू शर्मा और पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पार्षद मौके पर पहुंचीं और पुलिस से क्षेत्र में बढ़ रही चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने की मांग की.
फिलहाल चोरी की गई संपत्ति का सटीक आकलन मकान मालिक के लौटने के बाद ही हो सकेगा. हालांकि घर के अंदर की स्थिति को देखकर अंदाजा लगाया जा रहा है कि चोरों ने कीमती सामानों पर हाथ साफ कर दिया है.
गौरतलब है कि आदित्यपुर थाना क्षेत्र में इन दिनों चोरी की घटनाओं में अचानक वृद्धि हुई है, जिससे स्थानीय लोगों में भय का माहौल है. वहीं इस मामले में पुलिस के हाथ अब तक खाली हैं और जांच जारी है.

