चांडिल: ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र की विधायक सविता महतो के प्रयास से गंभीर बीमारी एवं सड़क दुर्घटना से प्रभावित चार जरूरतमंद मरीजों को मुख्यमंत्री राहत कोष से एक-एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है. यह सहायता मरीजों के बेहतर इलाज और आर्थिक सहयोग के उद्देश्य से प्रदान की गई है.



जानकारी के अनुसार विधायक सविता महतो ने मुख्यमंत्री से गंभीर रूप से बीमार एवं आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों के इलाज के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष से सहायता उपलब्ध कराने का आग्रह किया था. उनके अनुरोध पर चारों मरीजों को एक-एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई.
सहायता प्राप्त करने वालों में कपाली इस्लाम नगर निवासी मो. सालिक अनवर शामिल हैं. उनका इलाज बेंगलुरु के न्यूरो प्लेक्स हॉस्पिटल में चल रहा है और वे गंभीर बीमारी के कारण कोमा जैसी स्थिति में हैं. वहीं चांडिल प्रखंड के चैनपुर गांव निवासी कृतिवास प्रमाणिक हृदय संबंधी गंभीर बीमारी से पीड़ित हैं और उनका इलाज जमशेदपुर के ब्रह्मानंद अस्पताल में चल रहा है.
इसके अलावा नीमडीह प्रखंड के पितकी गांव निवासी तीन वर्षीय मास्टर करण गोप सिर में ट्यूमर की गंभीर बीमारी से पीड़ित हैं. उनका इलाज रांची स्थित रिम्स में चल रहा है. वहीं नीमडीह प्रखंड के रघुनाथपुर निवासी मितेन महली सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए थे और उनका उपचार सीएमसी वेल्लोर में चल रहा है.
विधायक के आप्त सचिव सह झामुमो केंद्रीय सदस्य काबलू महतो ने बताया कि चारों मरीजों के परिवार आर्थिक रूप से कमजोर हैं. इसे देखते हुए विधायक सविता महतो ने मुख्यमंत्री राहत कोष से सहायता राशि उपलब्ध कराने की अनुशंसा की थी. इसके बाद सभी चारों मरीजों के इलाज के लिए एक-एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई.





