रामगढ़: जिले के मांडू प्रखंड अंतर्गत बुढ़ाखाप स्थित आलोक स्टील इंडस्ट्रीज के मुख्य गेट के समक्ष विस्थापित एवं प्रभावित समिति के बैनर तले स्थानीय ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया है. प्रदर्शनकारी कंपनी प्रबंधन पर प्रदूषण फैलाने और क्षेत्रीय विकास की उपेक्षा का आरोप लगा रहे हैं.



ग्रामीणों का कहना है कि फैक्ट्री से निकलने वाले प्रदूषण के कारण आसपास के गांवों के लोगों को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. उन्होंने आरोप लगाया कि उद्योग स्थापित होने के बावजूद स्थानीय लोगों को अपेक्षित सुविधाएं और रोजगार उपलब्ध नहीं कराए गए.
प्रदर्शनकारियों ने क्षेत्र में सड़क, पेयजल, बिजली, शिक्षा, स्थानीय युवाओं को रोजगार तथा अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है. उनका कहना है कि लंबे समय से इन मांगों की अनदेखी की जा रही है, जिसके कारण उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा.
ग्रामीणों ने स्पष्ट किया है कि जब तक उनकी मांगों पर सकारात्मक पहल नहीं की जाती, तब तक उनका शांतिपूर्ण अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन जारी रहेगा.
वहीं, इस पूरे मामले में आलोक स्टील इंडस्ट्रीज प्रबंधन की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.
रिपोर्ट: शुभम मिश्रा





