जमशेदपुर: टेल्को थाना क्षेत्र के रोड नंबर-1 स्थित टाटा मोटर्स कर्मचारी मो. रिजवान के बंद क्वार्टर को चोरों ने निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया. बदमाश मुख्य गेट का ताला तोड़कर घर में घुसे और अलमारी में रखे सोने-चांदी के आभूषण एवं नकदी लेकर फरार हो गए.


घटना का खुलासा सोमवार सुबह उस समय हुआ, जब मो. रिजवान अपने परिवार के साथ क्वार्टर लौटे. घर के अंदर सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी से गहने व नकदी गायब मिले. पीड़ित के अनुसार चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब तीन लाख रुपये है.
जानकारी के अनुसार, मो. रिजवान परिवार के साथ रात में मानगो स्थित अपने दूसरे आवास चले गए थे. इसी दौरान घर खाली होने का फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया. चोरों ने मुख्य गेट का ताला काटकर घर में प्रवेश किया और अलमारी खंगालकर कीमती आभूषण व नकदी लेकर पीछे के दरवाजे से फरार हो गए. हालांकि गहनों के खाली डिब्बे घर में ही छोड़ गए.
सूचना मिलने पर टेल्को थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और अज्ञात चोरों की पहचान करने का प्रयास कर रही है. मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है.
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार बंद मकानों और दुकानों को निशाना बनाया जा रहा है. बढ़ती चोरी की घटनाओं से लोगों में दहशत का माहौल है. वहीं, पुलिस की रात्रि गश्ती व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं.

