पलामू: जिले में पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ की बड़ी घटना सामने आई है. जहां पांकी और तरहसी के सीमावर्ती इलाके में हुई इस मुठभेड़ में कुख्यात अपराधी फैज खान घायल हो गया.

पुलिस की जवाबी कार्रवाई में फैज खान के पैर में गोली लगी है, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया. वहीं एक अन्य अपराधी को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया है.
बताया जा रहा है कि गुरुवार रात मेदिनीनगर के प्राइवेट बस स्टैंड स्थित शताब्दी मार्केट में गुड्डू खलीफा उर्फ समीर खलीफा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. इस सनसनीखेज हत्याकांड में फैज खान और उसके साथियों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज की गई थी. इसी मामले में पुलिस लगातार उसकी तलाश में छापेमारी कर रही थी. गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस को उसके पांकी- तरहसी इलाके में छिपे होने की जानकारी मिली, जिसके बाद सर्च ऑपरेशन चलाया गया.
छापेमारी के दौरान अपराधियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी गोली चलाई. इस दौरान हुई मुठभेड़ में फैज खान घायल हो गया. पुलिस के अनुसार आरोपी पहले से कई संगीन मामलों में शामिल रहा है. वर्ष 2012 में जेएमएम नेता लड्डू खान हत्याकांड में भी वह मुख्य आरोपी रह चुका है. इसके अलावा भी उसके खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज हैं. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और अन्य फरार अपराधियों की तलाश जारी है.

