चतरा: जिले में एक सनसनीखेज और दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां सगाई से ठीक पहले एक युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है.

मिली जानकारी के अनुसार, युवती का एक युवक के साथ प्रेम संबंध था. बताया जा रहा है कि किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया था. परिजनों का आरोप है कि युवक द्वारा लगातार मानसिक प्रताड़ना और दबाव बनाए जाने के कारण युवती ने यह खौफनाक कदम उठाया.
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच में जुट गई है.
पुलिस द्वारा मोबाइल कॉल डिटेल, चैट और वीडियो कॉल के पहलुओं को भी खंगाला जा रहा है, ताकि घटना के पीछे की सच्चाई सामने आ सके. परिजनों ने आरोपी युवक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है. उनका कहना है कि यदि युवती को प्रताड़ित नहीं किया जाता, तो आज वह जीवित होती. पुलिस ने कहा है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी और दोषी पाए जाने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा.

