जमशेदपुर: कदमा थाना क्षेत्र के रामनगर रोड नंबर-7 से एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां 23 वर्षीय बीटेक छात्र अंकित शर्मा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. घटना के बाद परिजनों और इलाके में शोक का माहौल है.

मिली जानकारी के अनुसार, अंकित अपनी बहन के साथ कदमा में रहता था. उसकी मां की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है और उनका इलाज रांची में चल रहा है. गुरुवार रात जब उसकी बहन ने उसे खाना खाने के लिए आवाज दी, तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला. काफी देर तक कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर अनहोनी की आशंका हुई.
खिड़की से देखने पर अंकित फंदे से लटका हुआ दिखाई दिया. इसके बाद घबराई बहन ने पड़ोसियों को बुलाया. दरवाजा तोड़कर उसे नीचे उतारा गया और तुरंत टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. शुक्रवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया. फिलहाल पुलिस ने यूडी केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
परिजनों के अनुसार, अंकित पिछले कुछ समय से शेयर मार्केट में निवेश कर रहा था, जिसमें उसे करीब 4 से 5 लाख रुपये का नुकसान हुआ था. इसी आर्थिक नुकसान के कारण वह मानसिक तनाव में था. आशंका जताई जा रही है कि इसी तनाव के चलते उसने यह कदम उठाया. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई की जाएगी.

