सरायकेला: जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त नीतिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में शुक्रवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिला स्तरीय आधार निगरानी समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक में जिले में आधार पंजीकरण और अद्यतन कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई.

बैठक के दौरान उपायुक्त ने निर्देश दिया कि जिले में छूटे हुए लाभुकों के आधार पंजीकरण और अद्यतन के लिए विशेष शिविरों का आयोजन किया जाए, ताकि अधिक से अधिक लोगों को इस सुविधा का लाभ मिल सके. उन्होंने विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अध्ययनरत बच्चों के आधार नामांकन और अद्यतन के लिए विशेष अभियान चलाने का भी निर्देश दिया.
उपायुक्त ने आधार आधारित बायोमेट्रिक उपस्थिति प्रणाली की समीक्षा करते हुए सभी विभागों में अद्यतन L1 डिवाइस की स्थापना सुनिश्चित करने और बायोमेट्रिक हाजिरी को प्रभावी रूप से लागू करने का निर्देश दिया. बैठक में जानकारी दी गई कि वर्तमान में जिले के 16 बैंकों में आधार पंजीकरण का कार्य संचालित है. इस पर उपायुक्त ने आमजनों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अधिक से अधिक बैंक शाखाओं में आधार नामांकन की सुविधा शुरू करने का निर्देश दिया. उपायुक्त ने यह भी निर्देशित किया कि जिन आंगनबाड़ी केंद्रों में आधार किट उपलब्ध है, वहां पंजीकरण कार्य शीघ्र शुरू किया जाए. साथ ही 18 वर्ष या उससे अधिक आयु वर्ग के लंबित आधार पंजीकरण मामलों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा गया. उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि आधार से जुड़े कार्यों में तेजी लाते हुए आम नागरिकों को सुगम और सुलभ सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं.
बैठक में जिला योजना पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय), क्षेत्रीय कार्यालय यूआईडी रांची के प्रतिनिधि, डीपीओ (यूआईडी) सरायकेला, सीएससी मैनेजर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे.

