साहिबगंज: पश्चिम बंगाल पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने साहिबगंज जिले में बड़ी कार्रवाई करते हुए 22 वर्षीय अर्पिता सरकार को गिरफ्तार किया है. जांच एजेंसी के अनुसार, अर्पिता के कथित तौर पर संदिग्ध आतंकी हमीम मंडल से संपर्क होने का आरोप है.



एसटीएफ की टीम ने बरहरवा थाना क्षेत्र के बेबतपुर ग्वालखोर गांव में छापेमारी कर अर्पिता को गिरफ्तार किया. यह कार्रवाई बर्दवान थाना में दर्ज कांड संख्या 1096/26 के तहत की गई. गिरफ्तारी के बाद एसटीएफ उसे पूछताछ के लिए पश्चिम बंगाल ले गई है.
जांच एजेंसी अब अर्पिता के कथित संपर्कों और संदिग्ध नेटवर्क में उसकी संभावित भूमिका की पड़ताल कर रही है. अधिकारियों के अनुसार, पूछताछ के बाद उसे बर्दवान की अदालत में पेश किया जाएगा और आवश्यकता पड़ने पर पुलिस रिमांड की मांग की जा सकती है.
बताया जा रहा है कि इस मामले के मुख्य आरोपी हमीम मंडल को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है. अब अर्पिता की गिरफ्तारी के बाद जांच एजेंसियां उससे जुड़े अन्य संभावित संपर्कों और पूरे संदिग्ध नेटवर्क की जांच में जुटी हैं. फिलहाल मामले की जांच जारी है. आरोपों की पुष्टि न्यायिक प्रक्रिया और जांच पूरी होने के बाद ही होगी.





