चांडिल/ Vikash Thakur रामनवमी पर्व को लेकर अनुमंडल प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है. इसी कड़ी में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अरविंद कुमार बिन्हा ने मंगलवार को क्षेत्र के विभिन्न अखाड़ों और जुलूस मार्गों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया.

निरीक्षण के दौरान एसडीपीओ झिमरी के हाटटोला स्थित बजरंगबली अखाड़ा पहुंचे, जहां उन्होंने अखाड़ा समिति के सदस्यों से बातचीत कर आवश्यक दिशा- निर्देश दिए. उन्होंने स्पष्ट कहा कि पर्व के दौरान किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और शांति एवं सौहार्द बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है.
गौरतलब है कि झिमरी क्षेत्र में पिछले वर्ष रामनवमी के बाद हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया था, जिसमें कई घर और दुकानें जल गई थीं तथा पुलिसकर्मी भी घायल हुए थे. इस घटना को देखते हुए इस बार प्रशासन पहले से अधिक सतर्क है.
एसडीपीओ ने बताया कि जुलूस मार्ग, संवेदनशील स्थानों और भीड़- प्रबंधन को ध्यान में रखते हुए विशेष रणनीति तैयार की जा रही है. साथ ही पुलिस बल की तैनाती, गश्ती और निगरानी व्यवस्था को भी मजबूत किया जा रहा है.
उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों ने भी आपसी भाईचारे के साथ शांतिपूर्ण तरीके से त्योहार मनाने का संकल्प लिया है. प्रशासन ने आम नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें.

