चांडिल: थाना से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है, जहां जन्मदिन मनाने निकले तीन दोस्तों में से दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक बाल- बाल बच गया. जमशेदपुर के सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के बारीडीह बजरंग चौक निवासी अमन कुमार और विकास रजक अपने दोस्त कैप्टन शर्मा के साथ देर रात जन्मदिन मनाने के लिए देवड़ी मंदिर जा रहे थे. तीनों एक ही बाइक पर सवार थे, जिसे कैप्टन शर्मा चला रहे थे. बताया जा रहा है कि जैसे ही वे चांडिल के पास पहुंचे, तभी एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी.

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों युवक सड़क पर गिर पड़े. हादसे में अमन कुमार और विकास रजक गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि कैप्टन शर्मा को मामूली चोटें आईं. घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को एमजीएम अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने अमन और विकास को मृत घोषित कर दिया.
बताया जा रहा है कि जिस दिन यह हादसा हुआ, उसी दिन अमन का जन्मदिन था. दोस्त मंदिर जाकर जश्न मनाने निकले थे, लेकिन रास्ते में ही यह दर्दनाक हादसा हो गया.
अमन ट्रांसपोर्ट का काम करता था, जबकि विकास एक निजी फाइनेंस कंपनी में कार्यरत था. घटना के बाद परिजनों में मातम पसरा हुआ है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.

