चांडिल/ Vikash Thakur रामनवमी के अवसर पर चांडिल अनुमंडल में इस वर्ष भी भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी. इसे लेकर श्रीराम सनातन समिति द्वारा बुधवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी गई.

समिति के अध्यक्ष आकाश महतो ने बताया कि 27 मार्च 2026, शुक्रवार को दोपहर 2 बजे से शोभायात्रा निकाली जाएगी. हर साल की तरह इस बार भी बड़े पैमाने पर आयोजन किया जा रहा है, जिसमें हजारों की संख्या में रामभक्त, युवक- युवतियां, महिलाएं और श्रद्धालु शामिल होंगे. शोभायात्रा में गाजे- बाजे, ढोल- नगाड़ों और भगवा ध्वज के साथ श्रद्धालु उत्साहपूर्वक भाग लेंगे. समिति के महामंत्री विमलेश मंडल ने बताया कि इस बार आकर्षक झांकियां भी शामिल होंगी, जो लोगों के आकर्षण का केंद्र रहेंगी.
वहीं समिति के सचिव छोटू प्रमाणिक ने सभी सनातन धर्मावलंबियों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की. इस अवसर पर कोषाध्यक्ष सूरज मिश्रा, उपाध्यक्ष सजल कर्मकार, मंत्री राहुल नाग, मीडिया प्रभारी जगदीश पोद्दार, सोशल मीडिया प्रभारी उदित गुप्ता समेत अन्य सदस्य मौजूद रहे.

