जमशेदपुर: आगामी रामनवमी पर्व को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है. सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस ने तैयारी तेज कर दी है और हर स्तर पर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है. बुधवार को सीसीआर परिसर में सिटी एसपी कुमार शिवाशिष ने जिले भर के टैंगो जवानों और टाइगर मोबाइल बाइक पेट्रोलिंग टीम को विशेष ब्रीफिंग दी.

इस दौरान उन्होंने संवेदनशील और प्रमुख धार्मिक स्थलों पर गश्त बढ़ाने का निर्देश दिया.
सिटी एसपी ने कहा कि रामनवमी के दौरान निकलने वाले सभी जुलूस निर्धारित रूट से ही गुजरेंगे और इसका कड़ाई से पालन कराया जाएगा. साथ ही जुलूस के समापन के बाद श्रद्धालुओं के सुरक्षित घर पहुंचने तक पुलिस की नजर बनी रहेगी.
उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि किसी भी प्रकार का हुड़दंग या कानून- व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी. ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

