चांडिल: तिरुलडीह- कुकड़ू मार्ग स्थित शहीद चौक के सामने सोमवार को नवनिर्मित सिद्धि विनायक फ्यूल स्टेशन का भव्य उद्घाटन किया गया. ईचागढ़ विधायक सबिता महतो, कुकड़ू प्रखंड विकास पदाधिकारी राजश्री ललिता बाखला एवं प्रखंड प्रमुख प्रतिमा बाला सिंह पातर ने संयुक्त रूप से फीता काटकर पेट्रोल पंप का शुभारंभ किया. लंबे समय से क्षेत्र में पेट्रोल पंप की आवश्यकता महसूस की जा रही थी, जिसके पूरा होने से स्थानीय लोगों में खुशी की लहर है.


उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए विधायक सबिता महतो ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है. उन्होंने कहा कि पेट्रोल पंप के शुरू होने से न केवल लोगों को ईंधन की सुविधा मिलेगी, बल्कि स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे. उन्होंने संचालकों को शुभकामनाएं देते हुए गुणवत्तापूर्ण सेवा देने की अपील की.

सिद्धि विनायक फ्यूल स्टेशन के प्रोपराइटर ओंकार नाथ गुप्ता एवं उनके भाई अनूप कुमार गुप्ता हैं. दोनों प्रतिष्ठित व्यवसायी परिवार से जुड़े हैं. उनके पिता हिरालाल साव क्षेत्र के जाने-माने व्यवसायी हैं, जो वर्षों से अंबुजा सीमेंट की दुकान का सफल संचालन कर रहे हैं. स्थानीय लोगों का मानना है कि परिवार की यह पहल क्षेत्र के विकास और जनसुविधा को नई दिशा देगी.
कार्यक्रम में झामुमो केंद्रीय सचिव काबलू महतो, संजय महतो, झामुमो प्रखंड अध्यक्ष कृतिबास महतो, उप प्रमुख एकराम अंसारी, पूर्व प्रखंड अध्यक्ष इंद्रजीत महतो सहित कई जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे. सभी ने पेट्रोल पंप के शुभारंभ को क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया.
ग्रामीणों ने कहा कि अब उन्हें पेट्रोल और डीजल के लिए कई किलोमीटर दूर नहीं जाना पड़ेगा. इससे समय और धन दोनों की बचत होगी. तिरुलडीह, कुकड़ू और आसपास के दर्जनों गांवों के लोगों को इस सुविधा का सीधा लाभ मिलेगा. उद्घाटन समारोह के दौरान पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला.
रिपोर्ट: विकास ठाकुर

