चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के सोनुआ प्रखंड के विभिन्न सरकारी विद्यालयों में सोमवार को “तिथि भोजन सह जन्मोत्सव” कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस अवसर पर बच्चों के बीच खुशियां बांटी गईं और राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के तहत उन्हें एलबेंडाजोल की दवा भी खिलाई गई.


कार्यक्रम के दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) सोमनाथ उरांव एवं बीपीओ राजीव कुमार सिन्हा ने कई विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया. अधिकारियों ने बच्चों के साथ मिलकर जन्मदिन का केक काटा और उनके बीच स्कूल बैग का वितरण किया. बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक कार्यक्रम में भाग लिया.

जानकारी के अनुसार, इस विशेष पहल के तहत प्रत्येक माह की 20 तारीख को उस माह में जन्मे सभी बच्चों का सामूहिक जन्मोत्सव मनाया जाता है. साथ ही उनके लिए विशेष तिथि भोजन की व्यवस्था भी की जाती है. कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों में समानता की भावना विकसित करना और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को भी जन्मदिन की खुशियां उपलब्ध कराना है.
बीडीओ सोमनाथ उरांव ने कहा कि इस पहल से बच्चों का आत्मविश्वास बढ़ रहा है और विद्यालयों में उनकी उपस्थिति भी बेहतर हुई है. उन्होंने कहा कि बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ सकारात्मक माहौल देना भी जरूरी है, ताकि उनका सर्वांगीण विकास हो सके.

वहीं राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के अवसर पर विद्यालयों में छात्र-छात्राओं को एलबेंडाजोल की गोली खिलाकर स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया गया. अधिकारियों ने बताया कि कृमि संक्रमण से बचाव के लिए यह अभियान बेहद महत्वपूर्ण है. स्थानीय अभिभावकों ने भी प्रशासन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के कार्यक्रम बच्चों में विद्यालय के प्रति लगाव बढ़ाने में मददगार साबित हो रहे हैं.
रिपोर्ट : जयंत प्रमाणिक

