जामताड़ा: जिले के नाला प्रखंड स्थित सालुका के स्टोर फ्रेश कोल्ड स्टोरेज ने किसानों और व्यापारियों के लिए अपनी सुविधाओं का विस्तार करते हुए एक महत्वपूर्ण पहल की है. अब यहां आलू और महुआ के साथ- साथ गुड़, इमली, सेब और माल्टा संतरा के भंडारण की भी सुविधा शुरू कर दी गई है. इस नई व्यवस्था से किसानों को अपनी उपज सुरक्षित रखने और बेहतर कीमत मिलने की उम्मीद बढ़ गई है.


कोल्ड स्टोरेज प्रबंधन के अनुसार क्षेत्र में कृषि और बागवानी उत्पादों के सुरक्षित भंडारण की बढ़ती आवश्यकता को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है. नई सुविधा के शुरू होने से किसानों और व्यापारियों को अपनी उपज लंबे समय तक सुरक्षित रखने का अवसर मिलेगा, जिससे वे बाजार की अनुकूल परिस्थितियों में बेहतर मूल्य प्राप्त कर सकेंगे.

प्रबंधन ने बताया कि अब तक यहां मुख्य रूप से आलू और महुआ का भंडारण किया जाता था. वर्तमान सत्र में दोनों उत्पादों का भंडारण सफलतापूर्वक पूरा हो चुका है. इसके साथ ही जल्द ही यहां से आलू की बिक्री भी शुरू की जाएगी. इच्छुक व्यापारी और थोक खरीदार सीधे कोल्ड स्टोरेज प्रबंधन से संपर्क कर सकते हैं.
विशेषज्ञों का मानना है कि वैज्ञानिक तरीके से भंडारण की सुविधा मिलने से किसानों को फसल खराब होने की चिंता कम होगी और उन्हें अपनी उपज को सही समय पर बाजार में बेचने का अवसर मिलेगा. खासकर गुड़, इमली और फलों के भंडारण की नई सुविधा स्थानीय उत्पादकों के लिए काफी लाभकारी साबित हो सकती है.
स्टोर फ्रेश कोल्ड स्टोरेज प्रबंधन ने किसानों, व्यापारियों और कृषि उत्पाद संग्राहकों से इस आधुनिक सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की है. साथ ही भविष्य में किसानों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए अन्य कृषि एवं बागवानी उत्पादों के भंडारण की सुविधा भी शुरू करने की योजना बनाई जा रही है.
प्रबंधन का कहना है कि उनका उद्देश्य किसानों को आधुनिक, सुरक्षित और वैज्ञानिक भंडारण सुविधा उपलब्ध कराना है, जिससे क्षेत्र की कृषि अर्थव्यवस्था को मजबूती मिले और किसानों की आय में वृद्धि हो सके.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल

