चांडिल/ Afroz Mallik सरायकेला- खरसावां जिले के कपाली ओपी पुलिस ने अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को देसी कट्टा और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है.

प्राप्त जानकारी के अनुसार गिरफ्तार युवक की पहचान जमशेदपुर के आजादनगर थाना क्षेत्र निवासी मोहम्मद तौसीफ (उम्र लगभग 21 वर्ष), पिता मोहम्मद सफीक के रूप में हुई है. पुलिस ने उसे गुप्त सूचना के आधार पर कपाली क्षेत्र से पकड़ा.
बताया जा रहा है कि पुलिस को सूचना मिली थी कि एक युवक संदिग्ध गतिविधियों में शामिल है और उसके पास अवैध हथियार हो सकता है. सूचना मिलते ही कपाली ओपी प्रभारी धीरंजन कुमार के नेतृत्व में विशेष छापेमारी अभियान चलाया गया. पुलिस टीम ने घेराबंदी कर युवक को पकड़ा और तलाशी के दौरान उसके पास से एक देसी कट्टा तथा एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया. इसके बाद आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की गई.
इस संबंध में चांडिल एसडीपीओ अरविंद बिन्हा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि क्षेत्र में नशा, अड्डाबाजी और अवैध हथियार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है. इसी क्रम में यह कार्रवाई की गई, जिसमें पुलिस को सफलता मिली है. उन्होंने बताया कि आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है. कपाली ओपी प्रभारी धीरंजन कुमार ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अवैध कार्य की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय पर कार्रवाई की जा सके. इस छापेमारी अभियान में सब इंस्पेक्टर खुर्शीद आलम, एएसआई मनोज कुमार मिश्रा समेत सशस्त्र बल के कई जवान शामिल थे. पुलिस की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के बीच हड़कंप मच गया है.

