चाईबासा/ Jayant Pramanik जिले के सोनुआ प्रखंड कार्यालय परिसर में सोमवार को जनगणना कार्य के सफल संचालन को लेकर पर्यवेक्षकों एवं प्रगणकों के लिए तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम का शुभारंभ प्रखंड विकास पदाधिकारी सोमनाथ उरांव ने दीप प्रज्वलित कर किया.

प्रशिक्षण सत्र के दौरान मास्टर ट्रेनर मनीष दास और सुनील अल्डा ने उपस्थित कर्मियों को मकान सूचीकरण (House Listing) और नजरी नक्शा तैयार करने की विस्तृत जानकारी दी. उन्होंने बताया कि जनगणना कार्य में सटीक और सही आंकड़ों का संकलन अत्यंत महत्वपूर्ण होता है.
प्रशिक्षकों ने प्रतिभागियों को सर्वेक्षण प्रक्रिया, डेटा संकलन और मैदानी कार्य के दौरान आने वाली व्यावहारिक चुनौतियों से निपटने के तरीकों के बारे में भी जानकारी दी.
इस अवसर पर प्रखंड के विभिन्न क्षेत्रों से आए पर्यवेक्षक, प्रगणक एवं संबंधित विभाग के कर्मचारी उपस्थित रहे. सभी प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण को गंभीरता से लेते हुए जनगणना कार्य को सफल बनाने का संकल्प लिया.

