चांडिल/ Afroz Mallik सरायकेला- खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र अंतर्गत ताज नगर स्थित अली मस्जिद के समीप एक युवक पर चाकू से हमला किए जाने का मामला सामने आया है. इस घटना में मोहम्मद शाहिद गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसके कान पर गहरी चोट आई है.

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शाहिद की शादी शबनम खातून से करीब 10 से 12 वर्ष पूर्व हुई थी. पारिवारिक विवाद के कारण लगभग एक वर्ष पहले दोनों का तलाक हो चुका है.
बताया जा रहा है कि घटना के दिन शाहिद घर से बाहर जा रहा था, तभी रास्ते में उसकी तलाकशुदा पत्नी और उसका साला उसे रोक लिया. इसके बाद दोनों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई.
आरोप है कि इसी दौरान तेज धारदार चाकू से शाहिद पर हमला कर दिया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से उसे इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार किया गया. इलाज के बाद शाहिद ने कपाली ओपी थाना में लिखित आवेदन देकर मामले की शिकायत दर्ज कराई है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है.

