चांडिल/ Afroz Mallik कपाली ओपी प्रभारी धीरंजन कुमार को क्षेत्र में बेहतर कानून- व्यवस्था बनाए रखने और हाल ही में संपन्न नगर परिषद चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से कराने के लिए कोल्हान यूथ वेलफेयर सोसाइटी द्वारा सम्मानित किया गया.

सोसाइटी के अध्यक्ष शानुर रहमान के नेतृत्व में सदस्यों ने कपाली ओपी पहुंचकर प्रभारी को पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया और उनके कार्यों की सराहना की.
इस मौके पर शानुर रहमान ने कहा कि चुनाव जैसे संवेदनशील समय में कपाली पुलिस की सक्रियता और सूझबूझ के कारण ही पूरा चुनाव शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो सका. उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन ने निष्पक्षता और तत्परता के साथ हर स्थिति पर नजर बनाए रखी, जिससे आम जनता ने बिना किसी डर के अपने मताधिकार का प्रयोग किया.
सोसाइटी के सदस्यों ने आने वाले ईद पर्व को लेकर भी पुलिस की तैयारियों की सराहना की. उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान शांति और सौहार्द बनाए रखने में पुलिस की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होती है.
सम्मान के बाद धीरंजन कुमार ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पुलिस का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में शांति और सुरक्षा बनाए रखना है. उन्होंने भरोसा दिलाया कि आगे भी जनता के सहयोग से बेहतर कार्य जारी रहेगा. कार्यक्रम के दौरान सोसाइटी के कई सदस्य उपस्थित रहे और सभी ने मिलकर क्षेत्र में भाईचारा और शांति बनाए रखने का संकल्प लिया.

