आदित्यपुर: चांडिल डैम विस्थापितों की लंबित समस्याओं को लेकर शुक्रवार को ईचागढ़ विधायक सविता महतो ने स्वर्णरेखा बहुद्देशीय परियोजना के प्रशासक से मुलाकात की. इस दौरान उन्होंने विस्थापितों की विभिन्न समस्याओं से अवगत कराते हुए उनके शीघ्र और प्रभावी समाधान की मांग की.



विधायक ने डैम का जलस्तर 180 आरएल मीटर तक ही रखने की मांग करते हुए कहा कि इससे डूब क्षेत्र के गांवों और विस्थापित परिवारों को अनावश्यक परेशानी से राहत मिलेगी. उन्होंने कहा कि जलस्तर बढ़ने से हर वर्ष कई गांवों की कृषि भूमि प्रभावित होती है और लोगों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है.

इसके अलावा विधायक ने डैम विस्थापितों के लंबित पुनर्वास, मुआवजा, रोजगार, आधारभूत सुविधाओं, सड़क, पेयजल, बिजली, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी समस्याओं का भी मुद्दा उठाया. उन्होंने कहा कि वर्षों से विस्थापित परिवार कई मूलभूत सुविधाओं और अपने अधिकारों के लिए संघर्ष कर रहे हैं. इन समस्याओं का स्थायी समाधान सरकार और परियोजना प्रबंधन की प्राथमिकता होनी चाहिए.
स्वर्णरेखा परियोजना के प्रशासक ने विधायक को आश्वस्त किया कि सभी मांगों और समस्याओं की समीक्षा कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी. विधायक ने कहा कि यदि विस्थापितों की समस्याओं का समय पर समाधान नहीं हुआ तो वे आगे भी इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाती रहेंगी.





