सरायकेला: पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिलेभर में चलाए जा रहे प्रोजेक्ट डिवाइस के तहत चांडिल थाना पुलिस ने उल्लेखनीय सफलता हासिल की है. थाना पुलिस ने CEIR (Central Equipment Identity Register) पोर्टल की मदद से गुम हुए चार मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिया. अपने खोए मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने सरायकेला पुलिस और चांडिल थाना पुलिस के प्रति आभार व्यक्त किया.



चांडिल थाना प्रभारी संतन तिवारी ने बताया कि मोबाइल गुम होने की शिकायत मिलने के बाद सभी मामलों का विवरण CEIR पोर्टल पर अपलोड किया गया था. तकनीकी जांच और ट्रैकिंग के आधार पर चारों मोबाइल फोन का पता लगाया गया. आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद सभी मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को सुपुर्द कर दिए गए.

उन्होंने बताया कि प्रोजेक्ट डिवाइस का उद्देश्य गुम या चोरी हुए मोबाइल फोन को तकनीकी माध्यम से ट्रैक कर बरामद करना और उन्हें उनके असली मालिक तक पहुंचाना है. इसके लिए जिले के सभी थानों को लगातार अभियान चलाने का निर्देश दिया गया है.
थाना प्रभारी ने लोगों से अपील की कि मोबाइल गुम होने या चोरी होने की स्थिति में बिना देर किए नजदीकी थाना में शिकायत दर्ज कराएं तथा CEIR पोर्टल के माध्यम से मोबाइल को ब्लॉक कराने की प्रक्रिया पूरी करें. इससे मोबाइल की बरामदगी की संभावना काफी बढ़ जाती है.





