चांडिल/ Afroz Mallik चौका थाना क्षेत्र के एनएच 33 चौलीवासा के समीप मंगलवार शाम करीब 6 बजे रॉन्ग साइड से आ रही एक पिकअप वैन ने बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी. इस हादसे में बाइक सवार तीन बच्चों समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.

जानकारी के अनुसार घायल बच्चे आरआईटी, मिरुडीह और रघुनाथपुर के रहने वाले बताए जा रहे हैं. सभी विजय गिरी हॉस्टल से घर लौट रहे थे. इसी दौरान अशोक लीलैंड चार चक्का पिकअप संख्या ओडी 05 बीएस 4178 ने सामने से टक्कर मार दी. टक्कर के बाद बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए.
घटना की सूचना पर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल भेजा. चौका थाना प्रभारी बजरंग महतो भी घटनास्थल पहुंचे और अपने वाहन से एक घायल बच्चे को अस्पताल भेजा. स्थानीय लोगों ने बताया कि दुर्घटना रॉन्ग साइड से आ रही चार चक्का टेंपो की लापरवाही से हुई है. वहीं चौका पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त टेंपो को अपने कब्जे में ले लिया है.

