चाईबासा/ Jayant Pramanik पश्चिमी सिंहभूम जिले के गोइलकेरा थाना क्षेत्र अंतर्गत कदमडीहा पंचायत के राजस्व ग्राम छोटाकुईडा के वनग्राम बुरुहातु में एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है. यहां नशे की हालत में एक पति ने अपनी ही पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है.

प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतका अनिता लागुरी और उसका पति पातोर लागुरी शुक्रवार को बाजार गए थे. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शाम को घर लौटने के दौरान दोनों नशे की हालत में थे. रास्ते में किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद आरोपी पति ने पत्थर से वार कर पत्नी को गंभीर रूप से घायल कर दिया. घटना के बाद आरोपी घायल पत्नी को मोसो नामक युवक के घर ले गया, जहां रात में ही अनिता लागुरी की मौत हो गई.
शनिवार सुबह जब महिला की मौत की जानकारी सामने आई तो आरोपी शव को लेकर वनग्राम बुरुहातु पहुंचा. इसके बाद ग्रामीण मुंडा ने घटना की सूचना गोइलकेरा थाना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही कुईडा पंचायत के मुखिया सह आजसू पार्टी के पूर्व प्रत्याशी डॉ. दिनेश चंद्र बोयपाई, पंचायत समिति सदस्य बुधन सिंह पूरती और समाजसेवी बुधलाल पूरती घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया.
गोइलकेरा थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडल अस्पताल भेज दिया. आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में ले लिया. फिलहाल हत्या के स्पष्ट कारणों का पता नहीं चल सका है और पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है.

