चाईबासा/ Jayant Pramanik पश्चिमी सिंहभूम जिले के सोनुआ प्रखंड अंतर्गत गोलमुंडा गांव में 16 प्रहर अखंड हरिनाम संकीर्तन का रविवार को श्रद्धा और उत्साह के साथ शुभारंभ हुआ. इस धार्मिक आयोजन से पूरा गांव और आसपास का इलाका भक्तिमय माहौल में डूब गया है.

कार्यक्रम की शुरुआत भव्य कलश यात्रा के साथ की गई. बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने स्थानीय नदी और तालाबों से मंत्रोच्चारण के बीच कलश में जल भरा और गाजे- बाजे के साथ मंदिर परिसर तक पहुंचे. इसके बाद विधि- विधान से पूजा- अर्चना और जल स्थापना कर अखंड संकीर्तन का शुभारंभ किया गया.
भक्तों को हरिनाम संकीर्तन का रस प्रदान करने के लिए पश्चिम बंगाल और स्थानीय स्तर की प्रसिद्ध कीर्तन मंडलियों को आमंत्रित किया गया है. इस आयोजन में शिवराम दास गोस्वामी, कागज पाल, सनिहारा नगर महतो, अरुण महतो और आशा रानी पातल जैसे कलाकार शामिल हो रहे हैं.
आयोजन को सफल बनाने में संकीर्तन समिति के सदस्य पवित्र प्रधान, ध्रुव प्रधान, शैलेश प्रधान, अजित प्रधान और राजू प्रधान सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं. समिति की ओर से श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद की भी विशेष व्यवस्था की गई है. यह धार्मिक अनुष्ठान क्षेत्र में आस्था, एकता और सांस्कृतिक परंपरा का प्रतीक बनकर सामने आ रहा है.

