चाईबासा/ Jayant Pramanik जिले के सोनुआ प्रखंड अंतर्गत भालुरुंगी पंचायत में शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक सराहनीय पहल की गई है. उप-मुखिया गणेश चंद्र बोदरा ने वर्ष 2026 की मैट्रिक परीक्षा में प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण विद्यार्थियों के लिए ‘प्रतिभा सम्मान समारोह’ आयोजित करने की घोषणा की है.

इस समारोह में पंचायत के आठ गांव- महुलडीहा, लक्ष्मी पोष, सरासपोस, रेंगारबेरा, पड़सा, बिनका, भालुरुंगी और शशिकला के सफल छात्र- छात्राओं को सम्मानित किया जाएगा. इस पहल का उद्देश्य मेधावी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करना और शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना है.
उप-मुखिया ने यह भी घोषणा की है कि पंचायत के अलावा पूरे सोनुआ प्रखंड के टॉप 3 विद्यार्थियों को भी विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा, ताकि छात्रों के बीच स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा मिल सके.
समारोह में शामिल होने के लिए प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण छात्र- छात्राओं को अपनी अंकतालिका की छायाप्रति जल्द से जल्द उप-मुखिया के पास जमा करनी होगी. दस्तावेज सत्यापन के बाद कार्यक्रम की तिथि घोषित की जाएगी. यह कार्यक्रम बिनका स्कूल मैदान में आयोजित किया जाएगा, जहां सभी मेधावी विद्यार्थियों को सार्वजनिक रूप से सम्मानित कर उनका मनोबल बढ़ाया जाएगा.

