जमशेदपुर/ Varun Kumar अवैध शराब के खिलाफ उत्पाद विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शुक्रवार को व्यापक छापेमारी अभियान चलाया. सहायक आयुक्त उत्पाद, पूर्वी सिंहभूम के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई.

अभियान के तहत बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के मुखी बस्ती में संचालित कई अवैध शराब बिक्री केंद्रों पर छापेमारी की गई. वहीं उलीडीह थाना क्षेत्र के शांतिनगर में नदी किनारे चल रही शुक्लू सिंह की अवैध शराब भट्ठी को ध्वस्त कर दिया गया.
छापेमारी के दौरान अधिकारियों ने कुल 240 लीटर अवैध चुलाई शराब और 12 लीटर अवैध विदेशी शराब जब्त की. इसके अलावा मौके पर ही करीब 300 किलोग्राम किन्वित जावा महुआ को नष्ट कर दिया गया.
इस मामले में संलिप्त आरोपियों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की जा रही है. उत्पाद विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा.

