पश्चिमी सिंहभूम: जिले के सोनुआ थाना पुलिस ने फरार चल रहे आर्म्स एक्ट के आरोपी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गुरुवार को उसके घर पर न्यायालय का इश्तेहार चस्पा किया. यह कार्रवाई अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी, चक्रधरपुर के आदेश पर की गई. पुलिस ने आरोपी को जल्द न्यायालय में आत्मसमर्पण करने का निर्देश दिया है.



पुलिस के अनुसार, फरार आरोपी गुरुचरण जामुदा, पिता स्वर्गीय जानडोय जामुदा, मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के बैका गांव का निवासी है.
न्यायालय से जारी इश्तेहार को दो स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में उसके घर पर चस्पा किया गया. साथ ही गांव के लोगों को भी न्यायालय के आदेश की जानकारी दी गई.
जानकारी के अनुसार, आरोपी के खिलाफ 6 मई 2023 को सोनुआ थाना कांड संख्या 20/2023 दर्ज किया गया था. मामले में रंगदारी, धमकी, आपराधिक साजिश और आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज है. घटना के बाद से आरोपी लगातार फरार चल रहा है.
सोनुआ पुलिस ने बताया कि न्यायालय के आदेश का पालन करते हुए यह कार्रवाई की गई है. यदि आरोपी निर्धारित समय के भीतर न्यायालय में आत्मसमर्पण नहीं करता है, तो उसके विरुद्ध नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
इस कार्रवाई के दौरान सोनुआ थाना के एसआई इंद्रदेव रजक सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे.
रिपोर्ट: जयंत प्रमाणिक





