बोकारो: झारखंड के प्रवासी मजदूरों की मौत और विदेशों तथा दूसरे राज्यों में फंसे श्रमिकों की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं. इसी कड़ी में बोकारो जिले के नावाडीह प्रखंड अंतर्गत मुंगो रंगामाटी गांव निवासी 22 वर्षीय प्रवासी मजदूर मनोज कुमार महतो की गोवा में करंट लगने से मौत हो गई. घटना की सूचना मिलते ही परिवार में मातम पसर गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.


मृतक मनोज कुमार महतो, चंद्रशेखर महतो के पुत्र थे. बताया जा रहा है कि गोवा में काम करने के दौरान उन्हें बिजली का करंट लग गया. गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.
जानकारी के अनुसार, इस हादसे में उसी गांव के धनेश्वर महतो, जितेंद्र महतो और युगल महतो भी करंट लगने से घायल हो गए हैं. उनका उपचार जारी है.
घटना की जानकारी मिलने के बाद प्रवासी मजदूरों के हित में काम करने वाले समाजसेवी सिकंदर मृतक के घर पहुंचे और शोकाकुल परिवार को सांत्वना दी. उन्होंने संबंधित कंपनी से मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग की. उनका कहना है कि रोजगार की तलाश में दूसरे राज्यों और विदेश जाने वाले झारखंड के युवाओं की मौत की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं.
समाजसेवी ने बताया कि बोकारो जिले के गोमिया प्रखंड के कतवारी निवासी सत्येंद्र महतो का शव पिछले एक महीने से सऊदी अरब में पड़ा है. वहीं, गिरिडीह जिले के बगोदर थाना क्षेत्र के तिरला निवासी लालचंद महतो का शव पिछले 21 दिनों से दुबई में है. इसके अलावा बगोदर थाना क्षेत्र के मुंडरो निवासी द्वारिका महतो का शव करीब एक महीने बाद सऊदी अरब से उनके घर पहुंचा है.
रिपोर्ट: शुभम मिश्रा

