चाकुलिया: पूर्वी सिंहभूम जिले के चाकुलिया प्रखंड के कालियाम पंचायत अंतर्गत कालियाम गांव में सोमवार सुबह हाथी के हमले में 60 वर्षीय अनिल महतो की मौत हो गई. गंभीर रूप से घायल अनिल महतो ने पश्चिम बंगाल के झाड़ग्राम अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. घटना के समय उनके साथ मौजूद सात वर्षीय नाती ने भागकर अपनी जान बचाई.



ग्रामीणों के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 5:45 बजे करीब 20 हाथियों का झुंड गांव में घुस आया था. कुछ देर बाद अधिकांश हाथी जंगल की ओर लौट गए, लेकिन एक हाथी गांव में ही रह गया. इसी दौरान अनिल महतो अपने घर के बाहर नाती के साथ ब्रश कर रहे थे. तभी हाथी ने उन पर अचानक हमला कर दिया.
हमले के दौरान नाती मौके से भागने में सफल रहा, जबकि हाथी ने अनिल महतो को पटककर दांत और पैरों से गंभीर रूप से घायल कर दिया. घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई.
सूचना मिलने पर पंचायत के मुखिया दासो हेंब्रम मौके पर पहुंचे. ग्रामीणों और परिजनों की मदद से घायल अनिल महतो को चाकुलिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया. वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया. बाद में उन्हें पश्चिम बंगाल के झाड़ग्राम अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.
ग्रामीणों ने बताया कि हाथियों के झुंड ने गांव में जमकर उत्पात मचाया. एक टॉली को तोड़ दिया गया तथा कई घरों को भी नुकसान पहुंचा. घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है.
ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथियों की आवाजाही पर प्रभावी नियंत्रण, प्रभावित परिवारों को उचित मुआवजा तथा मानव-हाथी संघर्ष को रोकने के लिए स्थायी उपाय करने की मांग की है.





