धनबाद: सरायढेला थाना क्षेत्र के जगजीवन नगर में युवक करण कुमार की पीट-पीटकर हत्या किए जाने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. धनबाद डीएसपी (विधि-व्यवस्था) प्रकाश सोया ने रविवार को प्रेस वार्ता में बताया कि चोरी के संदेह में युवक की बेरहमी से पिटाई की गई थी, जिससे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. मामले में दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है.



डीएसपी प्रकाश सोया ने बताया कि 1 अगस्त को पुलिस को सूचना मिली थी कि जगजीवन नगर स्थित जामुन पेड़ के पास एक युवक गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ा है. मौके पर पहुंची पुलिस ने उसकी पहचान करण कुमार के रूप में की. स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से उसे पहले एसएनएमएमसीएच ले जाया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया. इसके बाद उसे बलियापुर रोड स्थित जेपी अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. बाद में शव का पोस्टमार्टम एसएनएमएमसीएच में कराया गया.
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने दो मुख्य आरोपी कन्हाई लाल भट्टाचार्य और शिव प्रकाश को गिरफ्तार किया. पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि करण कुमार कथित तौर पर कन्हाई लाल भट्टाचार्य के घर में चोरी की नीयत से घुसा था. उसे पकड़ने के बाद दोनों ने उसकी बेरहमी से पिटाई की. शोर सुनकर आसपास के अन्य लोग भी मौके पर पहुंच गए और उन्होंने भी युवक के साथ मारपीट की, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं. बाद में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.
डीएसपी ने बताया कि घटना में शामिल अन्य अज्ञात लोगों की पहचान की जा रही है. उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और मामले में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा.
रिपोर्ट: शुभम मिश्रा





