बोकारो/ Shubham Mishra जिले के चंद्रपुरा थाना क्षेत्र में एक बार फिर रंगदारी की घटना ने कानून- व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. डीवीसी पावर प्लांट साइडिंग में कार्यरत पीएमपी इंफ़्राटेक के अधिकृत प्रतिनिधि अनिल कुमार ने थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है.

शिकायत के अनुसार शुक्रवार रात करीब 10:15 से 10:30 बजे के बीच भंडारीडीह पुल के पास कुछ अज्ञात अपराधियों ने उनकी गाड़ी को जबरन रोक लिया. इसके बाद रंगदारी की मांग की गई और विरोध करने पर ट्रक को आग के हवाले कर दिया गया.
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है. खासकर व्यवसायियों और कंपनी में काम करने वाले कर्मचारियों के बीच भय व्याप्त हो गया है.
इस घटना ने औद्योगिक क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर समय रहते ऐसे मामलों पर सख्ती नहीं बरती गई, तो इलाके में अराजकता का माहौल बन सकता है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. आरोपियों की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं. प्रशासन ने जल्द ही अपराधियों की गिरफ्तारी का भरोसा दिलाया है.

