आदित्यपुर: नगर निकाय चुनाव 2026 को लेकर शनिवार को सभी प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह आवंटित कर दिए गए हैं. इसके साथ ही निर्वाचन आयोग ने मॉडल कोड ऑफ कंडक्ट यानी आदर्श आचार संहिता को सख्ती से प्रभावी कर दिया है. इसी बीच वार्ड 17 के प्रत्याशी अंबुज कुमार का एक वीडियो विवाद का विषय बन गया है.

अंबुज कुमार ने सरकारी योजना के तहत वार्ड 17 में निर्माणाधीन जय प्रकाश उद्यान सड़क के कार्य स्थल पर पहुंचकर इसका क्रेडिट लेने का प्रयास किया, जो सीधे तौर पर आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन है. अंबुज कुमार ने मौके पर वीडियो बनाकर अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट भी किया है. यह योजना लंबे समय और प्रशासनिक प्रयास के बाद धरातल पर आई है. लेकिन प्रत्याशी ने इसका श्रेय खुद लेने की कोशिश की.
स्थानीय जनता और राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि इस तरह का कदम मतदाताओं को भ्रमित कर सकता है और चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता पर सवाल खड़ा करता है. निर्वाचन आयोग के समक्ष यह मामला उठना तय है और अब यह देखना होगा कि आयोग अंबुज कुमार के खिलाफ क्या कार्रवाई करता है. इस घटना ने वार्ड 17 में चुनावी माहौल को तनावपूर्ण बना दिया है और प्रत्याशी की नैतिकता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

