सरायकेला: आदित्यपुर स्थित उत्कल किआ शोरूम में रविवार देर शाम अचानक आग लगने से अफरातफरी मच गई. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार शोरूम के शौचालय में लगे एसी के पाइप के पास शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की आशंका जताई जा रही है.


आग की जानकारी मिलते ही शोरूम में मौजूद कर्मचारियों ने तत्परता दिखाई और फायर एक्सटिंग्विशर की मदद से आग बुझाने में जुट गए. कर्मचारियों की त्वरित कार्रवाई से आग को फैलने से काफी हद तक रोक लिया गया.
इधर घटना की सूचना मिलते ही झारखंड अग्निशमन विभाग की एक दमकल गाड़ी मौके पर पहुंची. दमकलकर्मियों ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए आग पर पूरी तरह काबू पा लिया.
गनीमत रही कि समय रहते आग पर नियंत्रण पा लिया गया और कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ. फिलहाल घटना में हुए नुकसान का आकलन नहीं हो सका है. आग लगने के वास्तविक कारणों की भी जांच की जा रही है.
रिपोर्ट: विपिन वार्ष्णेय

