सरायकेला: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 को देखते हुए अवैध शराब निर्माण और तस्करी पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है. इसी क्रम में संयुक्त टीम ने सीमा से सटे इलाकों में सघन छापेमारी कर बड़ी कार्रवाई की है.

उपायुक्त नितीश कुमार सिंह के निर्देश एवं उत्पाद अधीक्षक क्षितिज विजय मिंज के नेतृत्व में पश्चिम बंगाल उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर यह अभियान चलाया गया. बलरामपुर उत्पाद टीम के सहयोग से गठित संयुक्त टीम ने नीमडीह थाना क्षेत्र के लाकड़ी, चतरमा और डोडोडीह के जंगलों में छापेमारी की. इस दौरान तीन अवैध चुलाई शराब निर्माण अड्डों का उद्भेदन किया गया. मौके पर लगभग 1100 किलोग्राम जावा महुआ को विनष्ट कर दिया गया, जबकि 50 लीटर अवैध चुलाई शराब जब्त की गई.
अड्डा संचालकों के विरुद्ध झारखंड उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. उत्पाद अधीक्षक ने कहा कि अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और परिवहन के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त और निरंतर कार्रवाई जारी रहेगी.

