आदित्यपुर: थाना क्षेत्र के सतबोहनी वासंती मंदिर के समीप जयनेस्ट अपार्टमेंट में रहने वाली 21 वर्षीय नवविवाहिता पिंकी महतो की मौत के बाद मंगलवार को जमकर हंगामा हुआ. पिंकी के मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है. सूचना मिलने पर आदित्यपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर दोनों पक्षों को शांत कराने के साथ मामले की जांच शुरू कर दी है.


बताया जा रहा है कि पिंकी महतो पान दुकान क्षेत्र की रहने वाली थी. इसी वर्ष जुलाई में उसने मनीष शर्मा नामक युवक से प्रेम विवाह किया था. मनीष पेशे से चालक बताया जा रहा है. जानकारी के अनुसार 23 अक्टूबर को मनीष लखीसराय गया हुआ था. इसी बीच 24 अक्टूबर को पिंकी के छत से गिरने की बात सामने आई.
घायल पिंकी को पहले एमजीएम अस्पताल ले जाया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर किया गया. हालत में सुधार नहीं होने पर उसे बेहतर इलाज के लिए बाहर ले जाया जा रहा था, इसी दौरान उसकी मौत हो गई.
पिंकी की मौत के बाद आक्रोशित मायके वाले शव लेकर उसके ससुराल पहुंचे और ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया. मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया. फिलहाल मौत किन परिस्थितियों में हुई और छत से गिरने की घटना हादसा थी या इसके पीछे कोई अन्य कारण, इसकी पुलिस जांच कर रही है. मायके पक्ष के हत्या के आरोप की भी जांच की जा रही है.

