आदित्यपुर: नगर निगम क्षेत्र में सोमवार को आयोजित भाजपा कार्यकर्ताओं के सम्मान समारोह पर अब सवाल उठने लगे हैं. कार्यक्रम में महिला कार्यकर्ताओं की अनुपस्थिति ने पूरे आयोजन को विवादों में ला दिया है. बताया जा रहा है कि इस सम्मान समारोह में न तो किसी महिला कार्यकर्ता को मंच पर जगह दी गई और न ही उन्हें आमंत्रित किया गया. यहां तक कि सोशल मीडिया प्रभारी को भी कार्यक्रम से दूर रखा गया, जिससे पार्टी के अंदर ही नाराजगी खुलकर सामने आने लगी है.

सबसे बड़ी बात यह रही कि भारतीय जनता पार्टी के महिला मोर्चा का कोई भी पदाधिकारी पूरे कार्यक्रम में नजर नहीं आया. इसे लेकर पार्टी के भीतर ही असंतोष और बहस तेज हो गई है. स्थानीय नेताओं का कहना है कि महिला सम्मान की बात करने वाली पार्टी अपने ही महिला कार्यकर्ताओं को सम्मान देना भूल गई. खासकर उन महिला पार्षदों की अनदेखी को लेकर सवाल उठ रहे हैं, जिन्होंने भाजपा से जुड़कर निकाय चुनाव में जीत हासिल की थी. वहीं मेयर संजय सरदार, जो भाजपा समर्थित प्रत्याशी थे, उन्हें सम्मानित किया गया, लेकिन महिला जनप्रतिनिधियों को नजरअंदाज किए जाने से विवाद और गहरा गया है.

इस मामले को लेकर जब जिलाध्यक्ष हरे कृष्णा प्रधान से सवाल किया गया, तो उन्होंने कार्यक्रम से दूरी बनाते हुए कहा कि यह आयोजन जिला कमेटी द्वारा नहीं किया गया था. उनके अनुसार, सम्मान समारोह के लिए संयोजक विनोद कुमार श्रीवास्तव को बनाया गया था. उन्हीं के निर्देशन में कार्यक्रम आयोजित हुआ था. महिलाओं की अनुपस्थिति के बारे में वही बेहतर जवाब दे सकते हैं. अब यह मामला सोशल मीडिया पर भी तूल पकड़ता जा रहा है, जहां पार्टी के नेता और कार्यकर्ता खुलकर अपनी नाराजगी जाहिर कर रहे हैं. इस घटनाक्रम ने भाजपा के अंदरूनी समन्वय और महिला भागीदारी को लेकर नए सवाल खड़े कर दिए हैं.

