सरायकेला: जिले में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है. झारखंड मुक्ति मोर्चा के बाद अब भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस को भी बड़ा झटका लगने की आशंका जताई जा रही है. सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस के एक बड़े नेता जल्द ही पार्टी छोड़ सकते हैं. हालांकि आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन अंदरखाने इसको लेकर चर्चाएं तेज हैं.

गौरतलब है कि हाल ही में संपन्न निकाय चुनाव के दौरान पार्टी का अंदरूनी कलह खुलकर सामने आया था, जिसके बाद कई वरिष्ठ नेता नाराज चल रहे हैं. कांग्रेस सूत्रों का यह भी दावा है कि पार्टी आलाकमान जल्द ही सख्त कदम उठा सकता है. जिला स्तर पर संगठन में फेरबदल की संभावना जताई जा रही है, जिसमें जिला अध्यक्ष पर भी कार्रवाई की चर्चा है.
इधर, दो दिन पहले झारखंड मुक्ति मोर्चा के कई नेताओं द्वारा भाजपा का दामन थामने के बाद राजनीतिक समीकरण तेजी से बदलते नजर आ रहे हैं. ऐसे में कांग्रेस के भीतर भी बड़े पैमाने पर उठापटक की संभावना प्रबल हो गई है.
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यदि समय रहते संगठनात्मक मतभेदों को नहीं सुलझाया गया, तो आने वाले दिनों में पार्टी को और नुकसान उठाना पड़ सकता है. फिलहाल सरायकेला की सियासत में अनिश्चितता का माहौल बना हुआ है और सभी की नजर कांग्रेस के अगले कदम पर टिकी है.

