आदित्यपुर: थाना क्षेत्र के शिवनारायणपुर से बीते 8 जनवरी से लापता किशोरी को पुलिस ने सोमवार देर रात बरामद कर लिया है. इस मामले में आरोपी युवक शम्भु मिर्धा को भी हिरासत में लिया गया है.
मामले की पुष्टि करते हुए एसडीपीओ समीर कुमार सावेया ने बताया कि केस दर्ज होने के बाद आरोपी लगातार अपनी लोकेशन बदल रहा था, जिसके कारण उसकी गिरफ्तारी में देरी हो रही थी.

उन्होंने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर उनके नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया था. एसआईटी में शामिल जांच पदाधिकारी राजेंद्र कुमार ने तकनीकी सेल की मदद से सोमवार देर रात आरोपी युवक और किशोरी को बरामद कर लिया.
पूछताछ के बाद आरोपी युवक को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है, जबकि किशोरी को चाइल्ड वेलफेयर कमिटी के हवाले कर दिया गया है. पुलिस द्वारा आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है. उधर किशोरी के सकुशल बरामद होने से परिजनों ने राहत की सांस ली है.

