सरायकेला: पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में बीते एक अगस्त की रात 12 बजे से 2 अगस्त की रात 12 बजे तक विशेष समकालीन अभियान चलाया गया. अभियान के दौरान आदित्यपुर थाना पुलिस ने विभिन्न मामलों में फरार तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया.



पुलिस ने आदित्यपुर थाना कांड संख्या 201/2026 में मोबाइल लूट कांड के प्राथमिक अभियुक्त रवि मुंडा (30 वर्ष), पिता स्व. मानिक मुंडा, निवासी शांति नगर झंडा चौक, थाना आदित्यपुर को गिरफ्तार किया. वह पिछले माह हुई मोबाइल लूट की घटना में वांछित था.
इसके अलावा वन विभाग से संबंधित मामले में न्यायालय से निर्गत गैर-जमानती वारंट (NBW) के आरोपी गोपाल सरकार (42 वर्ष), पिता स्व. धीरेन सरकार, निवासी शांति नगर गम्हरिया झंडा चौक, थाना आदित्यपुर को भी गिरफ्तार किया गया.
वहीं घर में चोरी के मामले में फरार आरोपी लालबाबू कुम्हार, पिता सोहन कुम्हार, निवासी सालडीह बस्ती, एलआईसी कॉलोनी के समीप, थाना आदित्यपुर को भी पुलिस ने दबोच लिया.
तीनों आरोपियों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. पुलिस ने बताया कि फरार अपराधियों की गिरफ्तारी और लंबित वारंटों के निष्पादन के लिए विशेष अभियान आगे भी जारी रहेगा.





