रांची: झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) की विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की जांच के क्रम में अपराध अनुसंधान विभाग (CID) ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए राज्य के पांच जिलों में एक साथ 18 ठिकानों पर छापेमारी की. यह कार्रवाई CID कांड संख्या 16/2026 के अनुसंधान के तहत की गई.


CID की टीम ने रांची, पलामू, हजारीबाग, बोकारो और धनबाद में एक साथ छापेमारी कर कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए. बरामद सामान में लैपटॉप, मोबाइल फोन, विभिन्न बैंकों की पासबुक और चेकबुक, अभ्यर्थियों की ओएमआर शीट की कार्बन कॉपी, एडमिट कार्ड, मार्कशीट तथा अन्य महत्वपूर्ण अभिलेख शामिल हैं. इन सभी दस्तावेजों और डिजिटल साक्ष्यों की अब वैज्ञानिक और तकनीकी जांच की जाएगी.
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपी अभय तिवारी ने वर्ष 2013 से 2018 के बीच पुलिस अवर निरीक्षक, BARC, IRB कांस्टेबल, CRPF हेड कांस्टेबल, NCL, JSSC तथा JPSC की ACF, FRO, FSO और संयुक्त असैनिक सेवा प्रारंभिक परीक्षा सहित कई प्रतियोगी परीक्षाओं में हिस्सा लिया था.
CID अब इन सभी परीक्षाओं से जुड़े तथ्यों का सत्यापन कर रही है. इसके लिए संबंधित भर्ती एवं परीक्षा आयोजित करने वाली एजेंसियों से आरोपी की अभ्यर्थिता, आवेदन पत्र, मूल्यांकन अभिलेख, चयन प्रक्रिया से जुड़े रिकॉर्ड और अन्य आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया है. अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की निष्पक्ष, व्यापक और वैज्ञानिक जांच जारी है तथा जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

