चांडिल/ईचागढ़: ईचागढ़ प्रखंड के मध्य विद्यालय लेपाटाँड़ में मध्याह्न भोजन (मिड-डे मील) संचालन में आ रही परेशानी को देखते हुए ईचागढ़ की विधायक सविता महतो ने मानवीय पहल करते हुए अपने निजी खर्च से विद्यालय को आवश्यक बर्तन उपलब्ध कराए. विधायक की इस पहल से अब विद्यालय में बच्चों के लिए नियमित रूप से मध्याह्न भोजन तैयार करने का रास्ता साफ हो गया है.


मालूम हो कि बीते दिनों अज्ञात चोरों ने विद्यालय से मध्याह्न भोजन बनाने में इस्तेमाल होने वाले बर्तनों की चोरी कर ली थी. इसके कारण विद्यालय में बच्चों के लिए भोजन तैयार करने में काफी परेशानी हो रही थी. विद्यालय प्रबंधन की ओर से इस संबंध में शिक्षा विभाग को लिखित सूचना भी दी गई थी. हालांकि, प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी (बीईईओ) ने बर्तन एवं अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराने में कुछ समय लगने की बात कही थी.
इधर, बच्चों के मध्याह्न भोजन की समस्या को गंभीरता से लेते हुए झामुमो जिला मीडिया प्रभारी पशुपति बागची ने झामुमो केंद्रीय सदस्य सह विधायक की आप्त सचिव काबलू महतो को फोन पर मामले की जानकारी दी. काबलू महतो ने तत्काल विधायक सविता महतो को इससे अवगत कराया.
मामले की जानकारी मिलते ही विधायक सविता महतो ने बिना देर किए अपने निजी खर्च से मध्याह्न भोजन बनाने के लिए आवश्यक बर्तनों की खरीदारी कर विद्यालय को उपलब्ध करा दिया. उनकी इस त्वरित पहल से विद्यालय में मध्याह्न भोजन व्यवस्था को दोबारा सुचारु रूप से संचालित करने में मदद मिलेगी.
विद्यालय परिवार ने जताया आभार
विधायक की इस पहल पर विद्यालय प्रबंधन समिति, अभिभावकों, शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं ने आभार व्यक्त किया. लोगों ने कहा कि बच्चों की परेशानी को देखते हुए विधायक द्वारा तत्काल निजी स्तर पर की गई व्यवस्था सराहनीय है.
इस अवसर पर झामुमो प्रखंड सचिव अमित कुमार सिन्हा, जिला मीडिया प्रभारी पशुपति बागची, युवा अध्यक्ष स्वपन आदित्यदेव, शिक्षक हेमंत महतो, बुद्धेश्वर उरांव, शशधर उरांव, बनमाली उरांव, विद्यालय की संयोजिका, रसोइया एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित थे.

