सरायकेला/खरसावां: विधायक दशरथ गागराई की त्वरित पहल से खरसावां प्रखंड के बेहरासाई गांव में महज 12 घंटे के भीतर 200 केवी का नया विद्युत ट्रांसफार्मर स्थापित कर दिया गया. ट्रांसफार्मर लगने के बाद गांव में बिजली आपूर्ति बहाल हो गई है. इससे ग्रामीणों ने राहत की सांस ली और विधायक के प्रति आभार जताया.


जानकारी के अनुसार, मंगलवार की शाम बेहरासाई गांव में एक नशे में धुत वाहन चालक ने ट्रांसफार्मर में टक्कर मार दी थी. हादसे में ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त हो गया, जिसके कारण पूरे गांव की बिजली आपूर्ति ठप हो गई थी. बिजली नहीं रहने से बच्चों की पढ़ाई, घरेलू कामकाज, पेयजल व्यवस्था समेत कई जरूरी कार्य प्रभावित हो रहे थे. ग्रामीणों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था.
झामुमो नेता भवेश मिश्रा ने विधायक को दी सूचना
घटना की जानकारी झामुमो नेता भवेश मिश्रा ने तत्काल विधायक दशरथ गागराई को दी. विधायक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए बिना देर किए बिजली विभाग के अधिकारियों से संपर्क किया और बेहरासाई गांव में नया ट्रांसफार्मर लगाने का निर्देश दिया. विधायक के त्वरित हस्तक्षेप का परिणाम रहा कि महज 12 घंटे के भीतर गांव में 200 केवी का नया ट्रांसफार्मर उपलब्ध कराकर स्थापित कर दिया गया.
बिजली बहाल होने से ग्रामीणों ने ली राहत की सांस
नया ट्रांसफार्मर स्थापित होने के बाद गांव में बिजली आपूर्ति सामान्य हो गई. ग्रामीणों ने कहा कि बिजली बाधित रहने से दैनिक जीवन काफी प्रभावित हो रहा था. बच्चों की पढ़ाई से लेकर पेयजल और घरेलू कार्यों तक में परेशानी हो रही थी. लेकिन विधायक की तत्परता से कम समय में समस्या का समाधान हो गया.
ग्रामीणों ने विधायक दशरथ गागराई के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनप्रतिनिधि का दायित्व जनता की समस्याओं को समझना और उनका त्वरित समाधान करना है. विधायक ने उनकी परेशानी को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई कराई, जो सराहनीय है.
ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि विधायक भविष्य में भी इसी तरह क्षेत्र की बुनियादी समस्याओं के समाधान के लिए तत्पर रहेंगे. इस पहल से विधायक दशरथ गागराई की सक्रियता और आम जनता की समस्याओं के प्रति उनकी संवेदनशीलता एक बार फिर सामने आई है.
रिपोर्ट: उमाकांत कर

