जमशेदपुर. एमजीएम थाना क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे-33 पर मुखियाडांगा के समीप शुक्रवार को सड़क हादसे में बुजुर्ग कालीपद कर्मकार की मौत हो गई. घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने मृतक के आश्रितों को उचित मुआवजा देने की मांग को लेकर एनएच-33 जाम कर दिया. इससे घंटों आवागमन प्रभावित रहा और सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई.


हादसे के बाद बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए. प्रदर्शनकारियों का कहना था कि मृतक के परिवार को उचित आर्थिक सहायता और मुआवजा दिया जाए. सड़क जाम के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा.
जाम की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों एवं स्थानीय लोगों से बातचीत कर उन्हें समझाने का प्रयास किया. काफी देर तक वार्ता के बाद सड़क से जाम हटवाकर आवागमन सामान्य कराने की पहल की गई.
घटना से कालीपद कर्मकार के परिवार में शोक का माहौल है. फिलहाल दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई और हादसे में कौन-सा वाहन शामिल था, इसकी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आ सकी है.

